सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

दो यात्रियों की कहानी: कैसे बाहरी लोगों ने वह भारत देखा जिसे दुनिया अक्सर अनदेखा कर देती है

अक्सर भारत को लेकर दुनिया में कई तरह की नकारात्मक धारणाएँ फैलायी जाती है । ऑनलाइन चर्चाओं से लेकर अंतरराष्ट्रीय मीडिया तक, अक्सर वही बातें सबसे ज्यादा फैलती हैं, जिनमें डर, आलोचना या नकारात्मकता शामिल होती है। लेकिन इसी शोर के बीच भारतीयों की असली गर्मजोशी, दयालुता और इंसानियत की कहानियाँ अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। हालांकि, हाल में दो विदेशी यात्रियों के ताज़ा अनुभवों ने इस एकतरफा छवि के पीछे छिपे उस भारत को सामने रखा है, एक ऐसा भारत जिसे शब्दों से नहीं, केवल अनुभवों से समझा जा सकता है।

1. ऑस्ट्रेलियाई महिला की कहानी: ‘क्या यही वह भारत है जिसके बारे में सबने मुझे चेतावनी दी थी?’

पहली कहानी एक ऑस्ट्रेलियाई महिला यात्री की है, जो भारत आने से पहले तरह-तरह की चेतावनियों और ऑनलाइन फैलाए गए नकारात्मक अनुभवों के बीच घिरी हुई थी। दोस्तों ने उसे लगातार सतर्क रहने की सलाह दी थी, और इंटरनेट पर उपलब्ध डराने वाली कथाओं ने उसके मन में भारत को लेकर एक गहरा संदेह पैदा कर दिया था। लेकिन भारत पहुँचते ही उसके पूर्वाग्रह एक-एक कर टूटने लगे।

गलियों में बेझिझक घूमना हो या रात में सड़कों पर चलना, स्थानीय लोगों से बातचीत हो या आम भारतीय जीवन का अनुभव, हर जगह उसे अपनापन, सहजता और भरोसे की वह भावना मिली जिसकी उसे उम्मीद नहीं थी। लोग सम्मान के साथ बात करते, मदद के लिए तुरंत आगे आते और बिना किसी स्वार्थ के यह सुनिश्चित करते कि वह सुरक्षित और सहज महसूस करे।

कुछ ही दिनों में उसके मन में वह सवाल उभर आया जिसने उसके पूरे अनुभव को परिभाषित कर दिया, “क्या यही वह भारत है जिसके बारे में सबने मुझे चेतावनी दी थी?”  उसकी यह उलझन किसी डर से नहीं, बल्कि इस अहसास से पैदा हुई थी कि उसे बताया गया भारत और उसने जिस भारत को जीया, दोनों में कोई मेल ही नहीं था। उसके मुताबिक, उसका अनुभव कुछ इस तरह था: 

2. Mysore की सड़कों पर एक United Kingdom यात्री को मिली भारत की अनदेखी मेहमाननवाज़ी

दूसरी कहानी मैसूर की गलियों से जुड़ी है, जहाँ यूनाइटेड किंगडम से आया एक यात्री अपने दोस्तों के साथ टहल रहा था। सड़क किनारे बड़े भगोने में पक रही बिरयानी की महक ने उनका कदम रोक लिया। वे प्लेट लेने के इरादे से आगे बढ़े और कीमत पूछी, लेकिन विक्रेता ने मुस्कुराते हुए केवल इतना कहा, “चिंता मत करो, बस खाओ।” इसके बाद उसने बिना कोई कीमत लिए भरपूर बिरयानी परोस दी। वहीं मौजूद एक और स्थानीय व्यक्ति ने पूरी आत्मीयता के साथ बिरयानी पर चिकन करी डालते हुए कहा कि मेहमान अच्छे से खाकर जाए। यह सब इतनी सहजता और दिल से हुआ कि उस विदेशी यात्री को एक पल को भी नहीं लगा कि वह किसी अनजान देश में है।


बाद में उसने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि भारत आने से पहले लोगों ने उसे ‘तैयार रहने’ की कई सलाहें दी थीं, लेकिन किसी ने भी यह नहीं बताया था कि उसे यहाँ इस स्तर की उदारता और गर्मजोशी मिलेगी।

इन दोनों यात्रियों के अनुभव भले ही मामूली घटनाएँ प्रतीत हों, लेकिन इनके भीतर एक बड़ा सच छिपा है। भारत को अक्सर सुनी-सुनाई बातों, आलोचनाओं और चुनिंदा नकारात्मक घटनाओं के आधार पर आँका जाता है, जबकि असली भारत को समझने के लिए इसकी सड़कों पर चलना, इसके लोगों से मिलना और इसके समाज की आत्मा को महसूस करना जरूरी है। इन यात्रियों ने भारत को पूर्वाग्रहों के बजाय अपने वास्तविक अनुभवों के आधार पर देखा और उन्हें वही भारत मिला जिसकी पहचान किताबों में नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में लिखी होती है।

ये कहानियाँ स्पष्ट करती हैं कि भारत की छवि उसके आलोचकों से नहीं, बल्कि उसके लोगों से बनती है -- वे लोग जो अनजान यात्रियों को सिर्फ भोजन नहीं, बल्कि अपनापन और दिल से किया गया स्वागत भी परोसते हैं। यही वह भारत है जो भले ही सुर्खियों में कम आता हो, लेकिन जिनके जीवन में उतरता है, वहाँ हमेशा बस जाता है।


टिप्पणियाँ